पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में 13 सितंबर की देर रात हुई कथित हाउस ट्रेसपास और चोरी की घटना को लेकर मंगलवार को अधिवक्ता ने परिवार की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की है. परिजनों के अनुसार, घर से करीब 95 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं. जावेद जमाल ने बताया कि घटना के दौरान घर में मौजूद लोगों को आंखों में जलन समेत अन्य प्रतिकूल प्रभाव महसूस हुए. उन्होंने प्रारंभिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दावा किया कि छह संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास और परिसर में दिखाई दे रहे हैं. इनमें एक बाहर और पांच अंदर की ओर जाते नजर आ रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)

सभी के चेहरे ढके होने तथा कुछ के हाथों में थैले होने की बात कही गई है. सीसीटीवी में रात करीब 1:35 से 2 बजे के बीच तीन बार टॉर्च की रोशनी भी दिखाई देने का दावा किया गया. उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की. उन्होंने कहा कि मामला सिर्फ चोरी का नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा से भी जुड़ा है. सैयद सामीउल्लाह, सुनील महतो, दिशोम गुरु रिसर्च फाउंडेशन के महासचिव एमआरएम आलम और पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो ने भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की. एमआरएम आलम ने कहा कि तीन दिनों में ठोस प्रगति नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा.




