गालूडीह: बाघुड़िया पंचायत के केशरपुर साप्ताहिक हाट की जमीन की मापी करने शुक्रवार को राजस्व उप निरीक्षक चंद्रमा राम, सरकारी अमीन सुरेश रजक, पंकज रजक, मिरिणाल कांति महतो और डमन बेसरा पहुंचे थे. मापी के दौरान जमकर हंगामा हुआ. दरअसल, केशरपुर निवासी धर्मचंद मंडल ने कुछ दिन पहले गालूडीह थाना में उनकी रैयती जमीन पर कब्जा कर दुकान बनाने की शिकायत की थी. यह मामला चार साल पुराना है. वहीं, हंगामे के बाद जमीन की मापी रोक दी गयी और इसकी सूचना घाटशिला अंचल अधिकारी निशांत अंबर को दी गयी. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद अंचल अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ केशरपुर पहुंची और ग्रामीणों के साथ बैठक की. बैठक में गालूडीह थाना के एसआई अजय बागे और मिथिलेश कुमार मौर्या मौजूद रहे. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 3 जून मंगलवार को दोनों पक्षों की उपस्थिति में जमीन की सरकारी अमीन से दोबारा मापी होगी. मालूम हो कि कुछ ग्रामीण हाट की जमीन पर वर्षों से झोपड़ी बनाकर दुकान चलाते हैं. आंधी-तूफान के कारण झोपड़ी टूट गयी थी. दोबारा झोपड़ी बनायी गयी. इसके बाद विवाद फिर से उत्पन्न हुआ. धर्मचंद मंडल ने बताया कि साप्ताहिक हाट के पास उनकी 60 डिसमिल जमीन है. जिसका प्लाट संख्या 987, 988, 989, 990 है. जमीन की फिर से मापी के लिए धर्मचंद मंडल समेत अन्य चार ने आवेदन किया है.











