गालूडीह : केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत 15 से 30 जून तक धरती आबा जन भागीदारी अभियान सह जागरूकता कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. गालूडीह थाना क्षेत्र की हेंदलजुड़ी पंचायत के हलुदबनी सबर बस्ती में सोमवार को जनजातीय गौरव हर्ष धरती आबा जनभागीदारी अभियान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. बीडीओ यूनिका शर्मा, कल्याण पदाधिकारी संजय साहू, मुखिया मिर्चा हांसदा, पंचायत सचिव मंगल टुडू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. इस दौरान सबर बस्ती की 20 महिलाओं के बीच टोकरी और एक-एक बोरी का वितरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बीडीओ यूनिका शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय लोगों को सड़क, जल, स्वास्थ्य, राशनकार्ड, जॉब कार्ड, बिजली एवं आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना सरकार का लक्ष्य है. गांवों में रहनेवाली जनजातीय आबादी को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, स्थानीयता प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान, विधवा पेंशन, विकालांग पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, स्वास्थ विभाग समेत अन्य कई विभागों के स्टॉल लगाए गए जिनका ग्रामीणों ने लाभ उठाया.



