चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की पश्चिम बंगाल सिमा से सटी चालुनिया पंचायत के जोड़ाम गांव स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के लोगों के लिए आस्था का केन्द्र है. सालों भर आश्रम परिसर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होता रहता है. आश्रम पहाड़ी पर स्थित है और यहां मां दुर्गा मंदिर, जगन्नाथ मंदिर और हनुमान मंदिर का निर्माण किया गया है और सालों भर श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना करते हैं. आश्रम के बाबा आनंद ब्रम्हचारी ने बताया कि यहां 1975 से पहाड़ी पर मां दुर्गा की पूजा क्षेत्र में भिक्षाटन कर होती आ रही है. इस वर्ष भी पूजा होगी और पूजा की तैयारियां जोर शोर से की जा रही है. उन्होंने बताया कि पूजा के अवसर पर मां की नौ स्वरूपों की पूजा होगी और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होगा. उन्होंने कहा कि 1974 में शिवराम बाबा इस पहाड़ी पर आए थे और 1975 से ग्रामीणों के सहयोग से मां दुर्गा की पूजा शुरू हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
2003 से आनंद ब्रम्हचारी के नेतृत्व में आश्रम संचालित है. उन्होंने बताया कि महानवमी के दिन 108 कन्याओं की पूजा होगी और दशमी के दिन ग्रामीणों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. पूजा को लेकर पूजा कमेटी द्वारा तैयारियां की जा रही है और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है. पूजा को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष ठाकुर दास दियासी, सचिव विजय सोरेन, कोषाध्यक्ष प्रणव बेरा समेत अन्य सदस्य जुटे हुए हैं.




