चाकुलिया : मनरेगा लोकपाल अनुभाकर कुमार शुक्रवार को चाकुलिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे. उन्होंने प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक की. बैठक में श्री कुमार ने मनरेगा को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए बताया कि हर हाथ को काम मुहैया कराना ही इसका लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में तेजी लाने के लिए पंचायतों के मुखिया अपनी-अपनी पंचायतों में आमसभा कर मेठ का चयन करें. मेठ के बिना पंचायतों में मॉनिटरिंग करना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना तभी सफल होगी जब हर विभाग के कर्मी इसमें सहयोग करेंगे. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में 50 हजार एकड़ में बागवानी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, इसे सभी को मिलकर पूरा करना है. उन्होंने कहा कि पंचायत का विकास तभी संभव है जब पंचायत के मुखिया को हर विभाग की विकास योजनाओं की पूर्ण जानकारी हो. उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत और ग्रामीणों के विकास के प्रति सचेत है. उन्होंने बताया कि सरकार क्षेत्रीय विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है, किन्तु जानकारी के अभाव में ग्रामीण उन योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं. पंचायत सचिव विकास योजनाओं का प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक कर योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें तभी पंचायतों का सर्वांगीण विकास होगा.(नीचे भी पढ़े)
लोकपाल ने पंचायत सचिवों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा योजना में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित पंचायत सचिव बचेंगे नहीं, उन पर कार्रवाई की जाएगी. सभी पंचायत सचिव ईमानदारी पूर्वक अपना काम कर पंचायत के विकास में अपना योगदान करें. बैठक में बीडीओ देवलाल उरांव, मुखिया दानगी सोरेन, मंजू टुडू, बीपीओ लीला सोलंकी, मनरेगा जेई समेत सभी पंचायत सचिव उपस्थित रहे.












