गालूडीह: गालूडीह की आजाद बस्ती में शनिवार को ग्रामीणों द्वारा धूमधाम से शीतला पूजा का आयोजन किया. पुजारी ने कलश स्थापित कर पूजा आरंभ की, जिसमें आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं ने उपवास रहकर पूजा में हिस्सा लिया एवं माता शीतला की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की. शीतला पूजा के लिए सुबह से ही मंदिर में महिलाओं का तांता लगा रहा. इस दौरान मंत्रोच्चार से पूरा गांव गूंज उठा. पूजा के दौरान मां को नौ प्रकार का भोग चढ़ाया गया. पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग (प्रसाद) का वितरण हुआ. शाम को संध्या आरती में भी काफी संख्या में श्रद्धालु जुटे. रविवार की कलश विसर्जन के साथ पूजा का समापन होगा. ग्रामीणों ने बताया कि आजाद बस्ती में प्रत्येक वर्ष धूमधाम से शीतला पूजा का आयोजन किया जाता है. ऐसी मान्यता है कि शीतला पूजा करने से गांव में सुख-शांति बनी रहती है एवं समृद्धि भी आती है.














