चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में अच्छी वर्षा और खुशहाली के लिए पहाड़ पूजा करने की वर्षों पुरानी परंपरा है. प्रत्येक साल आषाढ़ माह में पहाड़ पूजा की जाते है जिस दौरान मेले का भी आयोजन होता है, जिसका सिलसिला कई दिनों तक चलता है. इनमें आषाढ़ माह के तीसरे शनिवार को होने वाली कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा सबसे प्रमुख पूजा है. आगामी 24 जून को सोनाहातु पंचायत अंतर्गत सातनाला में पहाड़ पूजा होगी और इसके साथ ही पहाड़ पूजा और मेलों का सिलसिला शुरू हो जाएगा. पहाड़ पूजा के दौरान मेले का आयोजन होता है जिस दौरान विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. पूजा करने के लिए ग्रामीणों की अपार भीड़ उमड़ती है. (नीचे भी पढ़ें)

चाकुलिया की सोनाहातु पंचायत के आमाभुला गांव के पास सतनाला में आगामी 24 जून, शनिवार को पहाड़ पूजा होगी. ग्राम प्रधान संतोष कुमार महतो ने बताया कि यहां पहाड़ पूजा करने की वर्षों पुरानी परंपरा है. पुजारी कालीपद महतो और भुआ सबर पूजा करेंगे. 12 मौजों के ग्रामीण इस पूजा में शामिल होते हैं. इस दौरान यहां मेला भी आयोजित होता है. इसके बाद प्रखंड के बर्डीकानपुर गांव के पास आगामी 29 जून को जामिरा पहाड़ पूजा होगी. यह पहाड़ प्रखंड मुख्यालय से उत्तर दिशा में लगभग 15 किलोमीटर दूर है. बर्डीकानपुर से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर पूजा स्थल तक पहुंचा जा सकता है. पहाड़ पूजा के अवसर पर यहां मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता है. ग्राम प्रधान पिथो मुर्मू ने बताया कि पूजा को सफल बनाने के लिए बैठक भी हो चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)
आषाढ़ महीने के तीसरे शनिवार, यानी पांच जुलाई को कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा आयोजित होगी. प्रखंड मुख्यालय से उत्तर जयनगर गांव के पास स्थित इस पहाड़ की दूरी लगभग 15 किलोमीटर है. ग्रामीणों के मुताबिक इस पहाड़ का 25% भाग पश्चिम बंगाल में और 75% भाग झारखंड में. पहाड़ की चोटी पर एक झरना है और झरने का पानी कभी सूखता नहीं है. यह पहाड़ झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. पूजा के दिन तीन राज्यों के हजारों श्रद्धालु जुटते हैं और पूजा करते हैं. पहाड़ के नीचे मेला भी आयोजित होता है. जयनगर के ग्राम प्रधान सोमाय मांडी ने बताया कि यहां 12 मौजों के ग्रामीण पूजा करने आते हैं. उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा होगी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रखंड की मटियाबांधी पंचायत में आगामी आठ जुलाई को गोटशिला पहाड़ पूजा आयोजित होगी. यह पूजा भी तीन राज्यों की आस्था का केंद्र है. पूजा स्थल पर एक शिव मंदिर और एक झरना है. ग्राम प्रधान मनींद्र नाथ महतो ने बताया कि इस साल आठ जुलाई को धूमधाम से पूजा आयोजित होगी. प्रखंड क्षेत्र के जुगीतुपा पंचायत में खोड़ी पहाड़ी पूजा आयोजित होती है. सोनहरा गांव के पास यह पहाड़ी है. इस साल 12 जुलाई को यहां पूजा आयोजित होगी. यहां पूजा करने के लिए भी हजारों भक्तों की भीड़ जुटती है. मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं. कमेटी के अमर हांसदा ने बताया कि इस साल धूमधाम से पूजा आयोजित होगी। यहां पर 12 मौजों के ग्रामीण पूजा में शामिल होते हैं. प्रखंड की सोनाहातु पंचायत के सोनाहातु गांव के घोटीडुबा टोला में है यह पूजा स्थल. यहां 15 जुलाई को पूजा आयोजित होगी. यहां की पूजा के बाद इस प्रखंड में पहाड़ पूजा का दौर लगभग थम सा जाता है.



