बोड़ाम / पटमदा / जमशेदपुर : पटमदा बोड़ाम प्रीमियर लीग कमिटी एवं सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित पीबीपीएल मिक्स जेंडर क्रिकेट यू-16 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को बोड़ाम स्थित दिघी भुला प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान पर खेला गया. बहुप्रतीक्षित मुकाबले में ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा एकादश ने कैप्टन सलिमा टेटे एकादश को 9 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. टॉस जीतकर दिघी भुला प्लस टू उच्च विद्यालय बोड़ाम की टीम ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा XI ने अपने घरेलू मैदान पर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय पटमदा की टीम कैप्टन सलिमा टेटे XI ने निर्धारित 5 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 51 रन बनाए. सलामी जोड़ी के तौर पर उतरे उपकप्तान भक्त रंजन महतो एवं मिताली महतो ने नाबाद अर्धशतकीय साझेदारी की. भक्त रंजन महतो ने 17 गेंदों में 24 रन और मिताली महतो ने 14 गेंदों में 16 रन बनाकर अपने टीम को मजबूत शुरुआत दी. मिताली की विकेटों की बीच तेज दौड़ देखते ही बनती थी. जब मिताली विकेटों के बीच तेज दौड़ लगाते हुए तीन रन और दो रन पूरे कर रही थी, तब दर्शकों ने जोरदार तालियों और जोश से जमकर भक्त रंजन और मिताली की सलामी जोड़ी का उत्साह बढ़ाया. (नीचे भी पढ़ें)

52 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा XI की शुरुआत बेहद खराब रही, पारी की पहली ही गेंद पर कप्तान दीपिका महतो के रूप में शून्य के स्कोर पर पहला झटका लग गया. रूपाली महतो ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दीपिका को वापस पवेलियन भेज दिया. इसके बाद मामोनी और रिकदेव की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए संभलकर खेलते हुए अच्छी साझेदारी की, फिर तेज गति से रन को आगे बढ़ाया. जयपाल मुंडा एकादश ने अंतिम ओवर तक चले मुकाबले में एक विकेट के नुकसान पर 52 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. रिकदेव महतो ने 16 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, वही मामोनी ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखलाते हुए 5 रन बनाकर धुंआधार बल्लेबाजी कर रहे रिकदेव का भरपूर साथ दिया. रिकदेव प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए, उनके शानदार खेल को देखते हुए स्थानीय दर्शकों ने 1000 रुपए का इनाम भी दिया, जो मिक्स जेंडर क्रिकेट के प्रति दर्शकों के उत्साह को बखूबी दर्शाता है. मुकाबले में ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा XI की कप्तानी दीपिका महतो ने की, जबकि कप्तान सलिमा टेटे XI की अगुवाई रुपाली महतो ने की. पटमदा बोड़ाम के दर्जनों गांव से आए लड़के लड़कियों को एक साथ स्थानीय क्रिकेट लीग में खेलते देखना दर्शकों के लिए बिल्कुल अप्रत्याशित अनोखा अनुभव था. मैच में दौरान कई जागरूक दर्शकों ने बेहद उत्साहित होकर बताया कि “गांवों की लड़कियां चूल्हे चौके घर परिवार से जीवन भर नहीं निकल पाती, अब नन्हें खिलाड़ी एक साथ खेल के मैदान पर है, यह देखकर बहुत हौसला मिल रहा है कि आने वाले समय में हमारे गांवों की तस्वीर भी बदलेगी. ” (नीचे भी पढ़ें)

मिक्स जेंडर क्रिकेट पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बालक-बालिकाओं को एक साथ क्रिकेट खेलने का अवसर प्रदान करना तथा खेल के माध्यम से लैंगिक समानता, शिक्षा, माहवारी स्वास्थ्य जागरूकता, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है. पहल के माध्यम से बच्चों और समाज को यह संदेश दिया जा रहा है कि पढ़ाई और खेल के मैदान पर प्रतिभा और क्षमता ही महत्वपूर्ण है, ना कि किसी का लड़का या लड़की होना. पीबीपीएल के मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जा रहा था. इससे बच्चों के घरवाले, रिश्तेदारों और परिचितों ने भी घर बैठे मैच देखा. वही कई अभिभावक मैदान पर आकर बच्चों का उत्साह बढ़ा रहे थे. सामाजिक संस्था निश्चय फाउडेंशन के संस्थापक व मिक्स जेंडर क्रिकेट शुरू करने वाले तरुण कुमार ने पटमदा बोड़ाम प्रीमियर लीग के कमिटी सदस्यों के प्रयासों की जोरदार प्रशंसा करते हुए कहा कि कमिटी के सदस्यों के प्रयास से स्थानीय क्रिकेट लीग में मिक्स जेंडर क्रिकेट को भी जगह मिली, आयोजन ने पटमदा बोड़ाम जैसे सुदूर ग्रामीण इलाके में संभावनाओं और जागरूकता के नए द्वार खोल दिए है. हो सकता है आने वाले समय में सैकड़ों लड़कियां बेहतर खिलाड़ी और नेतृत्वकर्ता के तौर पर उभर कर सामने आए. मौके पर बच्चे, शिक्षक ग्रामीण व युवा समेत लगभग 2000 दर्शक मैच देखने मैदान पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जुगसलाई के माननीय विधायक मंगल कालिंदी थे. मौके पर जेएमएम नेता सुभाष कर्मकार, थाना प्रभारी नीरज कुमार, विधायक प्रतिनिधि काजल सिंह, प्रखंड अध्यक्ष दीपांकर महतो, श्यामसुंदर सिंह, प्रीमियर लीग अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, पंसस धीरेन राय, तरुण कुमार, निताई गोराई, करमू महतो, रजनीकांत सिंह, खिरोद महतो, ध्रुव गोप, वृंदावन महतो, सोमाय लोहार, प्रकाश केसरी, सुमित, कौशिक, ईशा सहित ढेरों खेलप्रेमी मुख्य रूप से उपस्थित थे.












