घाटशिला: वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार मुसाबनी पुलिस उपाधीक्षक चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को अंकुश लगाने को लेकर गुड़ाबांदा, डुमरिया और मुसाबनी थाना क्षेत्र के चौक-चौराहों पर सड़क व यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. जागरूकता अभियान बाइक रैली के माध्यम से गुड़ाबांदा थाना से निकाली गई, डुमरिया थाना क्षेत्र होते हुए मुसाबनी थाना क्षेत्र पहुंची. जगह-जगह चौक चौराहों में रुककर पदाधिकारियों ने मोटरसाइकिल और चार चक्का वाहन चालकों को जागरूक किया.(नीचे भी पढ़े)
अभियान में बगैर हेलमेट पहने वाहन चालकों को अनोखे तरीके से गुलाब व माला पहनाकर हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया. मौके पर गुड़ाबांदा थाना प्रभारी प्रियनन कुमार, डुमरिया थाना प्रभारी संजीवन उमराव ,मुसाबनी थाना प्रभारी राजा दिलावर तीनों थाना के एसआई और पुलिस के जवान उपस्थित थे. मुसाबनी डीएसपी चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रशासन द्वारा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, आगे से बिना हेलमेट और लापरवाही से वाहन चलाने वाले लोगों पर पुलिस कार्रवाई करते हुए चालान काटेगी.



