बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में 23 जनवरी को मां सरस्वती की पूजा को लेकर विद्यार्थियों के साथ-साथ मां सरस्वती की प्रतिमा का निर्माण करने वाले मूर्तिकारों में भी हर्ष देखा जा रहा है. जैसे-जैसे सरस्वती पूजा का दिन निकट आती जा रही है, मां सरस्वती की प्रतिमा को मूर्तिकार अंतिम रूप देने में जुट गए हैं. प्रखंड के पाटपुर पंचायत के मूर्तिकारों की माने तो अब तक उनके द्वारा बनायी जा रही 65 फ़ीसदी प्रतिमाओं की अग्रिम बुकिंग सुनिश्चित हो चुकी है. इस बार जिले में 1000 रुपये से लेकर 15,000 रूपये तक की प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है. मूर्तिकार का कहना है कि इस बार मूर्तियों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है. इसी उम्मीद में जिले भर में मूर्तिकार मां सरस्वती की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उनका मानना है कि यदि उनके द्वारा बनायी गयी प्रतिमाओं की शत प्रतिशत बिक्री हो गयी तो इस वर्ष हुए बेहतर मुनाफा कमा पाएंगे. उनका मानना है कि सिर्फ मौसम का साथ मिलना चाहिए समय पर मूर्ति का निर्माण हो जाएगा. वहीं मौसम यदि साफ रहा तो मां सरस्वती की प्रतिमाओं की बिक्री भी हो जाएगी. उन्होंने बताया कि क्षेत्र के बहरागोड़ा, कैमी, बेंन्दा, जगन्नाथपुर, मौदा, दुबराजपुर, बामडोल, मानखांदा, मधुआबेड़ा, माटिहाना, पानिपाड़ा के लगभग सभी विद्यालय से प्रतिमाओं की मांग है, जिसे पूरा करने में मूर्तिकार पूरे दिन-रात जुटे हुए हैं. वर्तमान में प्रतिमाओं में आकर देने के कार्य में जुटे हुए हैं. प्राइमर सूखने के पश्चात प्रतिमाओं में रंग चढ़ाते हुए उन्हें साज- सज्जा के साथ अंतिम रूप दे दिया जाएगा.











