जादूगोड़ा: जेबीसी मेचुआ के तत्वावधान में एक दिवसीय फ्लड लाइट (डे-नाइट) फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 16 मई को मेचुआ जूनियर ग्राउंड में किया जाएगा. इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों के भाग लेने की सीमा निर्धारित की गई है.आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार टूर्नामेंट शाम के समय फ्लड लाइट में खेला जाएगा, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को एक रोमांचक अनुभव मिलेगा. प्रतियोगिता में विजेता टीम को 30,000 रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 20,000 रुपये, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे.
इस अवसर पर पोटका के विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे.(नीचे भी पढ़े)
आयोजन समिति के सदस्य बुसको ने बताया कि यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि ग्रामीण स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा मिले और ज्यादा से ज्यादा युवा इसमें भाग लें. इस बार टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाने के लिए फ्लड लाइट की व्यवस्था की गई है.टूर्नामेंट में मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, हाइएस्ट स्कोरर और बेस्ट गोलकीपर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे. इसके अलावा सभी टीमों के लिए विशेष सरप्राइज पुरस्कार की भी व्यवस्था की गई है.खेल के नियमों के अनुसार प्रत्येक टीम में 5-5 खिलाड़ी होंगे और मैच की अवधि 20 मिनट निर्धारित की गई है. बराबरी की स्थिति में पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से निर्णय लिया जाएगा.इच्छुक टीमें निर्धारित एंट्री शुल्क जमा कर प्रतियोगिता में भाग ले सकती हैं. आयोजन को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है.







