बहरागोड़ा: पुरनापानी पंचायत के कुलडीहा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर अपनी बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गया है. लाखों रुपये की लागत से निर्मित यह स्वास्थ्य केंद्र रखरखाव के अभाव में जर्जर होता जा रहा है. परिसर में गंदगी, उगी झाड़ियां और उपेक्षित भवन सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध नहीं रहते, जबकि आवश्यक दवाओं का भी अभाव बना रहता है. इसके कारण मामूली बीमारी या प्राथमिक उपचार के लिए भी लोगों को कई किलोमीटर दूर बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है. इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की दुर्दशा के कारण सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है. उनका आरोप है कि नियमित देखरेख और निगरानी के अभाव में सरकारी संपत्ति धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होती जा रही है. ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र का जल्द से जल्द जीर्णोद्धार कराया जाए. साथ ही परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नियमित चिकित्सकों की तैनाती और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपने गांव के पास ही समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.







