चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय सभागार में स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के अंतर्गत ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के डिप्टी डायरेक्टर रवि रंजन के द्वारा चाकुलिया नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण के दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के तहत प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. प्रशिक्षण कार्यक्रम में कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का उचित प्रबंधन, प्लास्टिक कचरे का संग्रहण एवं निस्तारण और तरल अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों द्वारा बताया गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए नागरिकों की भागीदारी के साथ-साथ नगर निकाय के कर्मचारियों का नियमित प्रशिक्षण एवं क्षमता-विकास भी आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रशिक्षण का उद्देश्य अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर कार्यप्रणाली को अपनाना और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है. कार्यक्रम में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही प्लास्टिक कचरे को कम करने, कचरे का पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने और तरल अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी गई. मौके पर चाकुलिया नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मौके पर नगर पंचायत की अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, पार्षद शतदल महतो, संजय घोष, मलय रूहीदास, मो नजीमुद्दीन, इंदू देवी समेत कार्यालय कर्मी उपस्थित थे.




