घाटशिला: घाटशिला स्थित संत नन्दलाल स्मृति विद्या मंदिर में ‘ विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण ‘ विषय पर चल रहे दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हुआ. रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित जमशेदपुर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या सह सीबीएसई ट्रेनिंग सिटी को-ऑर्डिनेटर नमिता अग्रवाल तथा संत नन्दलाल स्मृति विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या नीलकमल सिन्हा ने सम्पूर्ण झारखण्ड से आये 62 शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ी जानकारियां दी.(नीचे भी पढ़े)

दो दिनों तक चले इस सत्र में किशोरावस्था में स्वस्थ जीवनशैली, परस्परिक सम्बन्ध, मूल्य एवं ज़िम्मेदार नागरिकता, यौन शोषण, लिंग संवेदनशीलता, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. विद्यालय प्रबंधक सह प्रशिक्षण स्थल निर्देशक डॉ प्रसेनजीत कर्मकार ने उम्मीद जताई कि इस उपयोगी एवं फलदायी सत्र से सभी शिक्षक निश्चित ही लाभान्वित होंगे व हमारे छात्रों को भी इसकी सम्पूर्ण जानकारी द्वारा जागरूक करेंगे. अनूप पटनायक ने धन्यवाद ज्ञापन किया. तकनीकी सहायक के रूप में सोमनाथ दे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कार्यक्रम का संचालन श्रावणी आदित्य ने किया.














