
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर में हुई हिंसा के मामले में जेल में बंद भाजपा नेता अभय सिंह, सुधांशु ओझा समेत 14 लोगों की जमानत याचिका पर बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इस सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता की तरफ से पेशी हुई और कहा गया कि आरोपियों को बेल नहीं मिलना चाहिए. इसके जवाब में उनके वकीलों ने कहा कि गलत तरीके से सरकार उनको जेल भेजी है और उनको तत्काल बेल मिलना चाहिए. करीब एक घंटे तक कोर्ट में बहस होने के बाद कोर्ट ने फैसला को सुरक्षित रख लिया. हाईकोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सारी बातों को सुना और फिर फैसले को लेकर 21 जुलाई की तिथि मुकर्रर कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
क्या है पूरा मामला :
9 अप्रैल को कदमा के शास्त्रीनगर का सौहार्द बिगड़ गया था. इस बीच दो समुदाय के बीच खूब रोड़ेबाजी हुई थी. फायरिंग भी की गयी थी. बाद में पुलिस ने हवाइ फायरिंग कर लोगों को चेताया भी था, लेकिन उपद्रवी रोड़ेबाजी करने से नहीं चूक रहे थे. जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार पर भी पथराव कर दिया गया था. घटना के बाद कदमा में धारा 144 लगा दिया गया. साथ ही उसी रात रैफ को उतार दिया गया था. इसके बाद मामला शांत हुआ था. इस मामले में अनुमंडल पदाधिकारी पियुष कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक कमल किशोर, जय प्रकाश कुरमाली कार्यपालक दंडाधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. इस मामले में जमशेदपुर अक्षेस (जेएनएसी) के नगर प्रबंधक अन्य राज के बयान पर 118 नामजद समेत हजारों अज्ञात के खिलाफ कदमा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने जानलेवा हमला, धार्मिक भावना में ठेस पहुंचाने के अलावे सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने फायरिंग व बम विस्फोट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया हैं. इस मामले में कई दर्जन लोगों जेल में बंद हैं.














