
चाकुलिया : झारखंड सरकार की एक वर्ष पूर्ण होने पर चाकुलियावासियों को मिलेगा शहरी जलापूर्ति योजना का तोहफा, इसे लेकर सरकार ने विभाग को योजना जल्द पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया है. सरकार के आदेश के बाद योजना को पूर्ण करने की दिशा में कम्पनी द्वारा युद्ध स्तर कार्य की जा रही हैं. चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में वर्ष 2017 में नगर विकास विभाग द्वारा स्वीकृत शहरी जलापूर्ति योजना कार्य जल्द ही पूर्ण होगी. जुस्को कम्पनी द्वारा कार्य को युद्ध स्तर पर किया जा रहा है. जुस्को कम्पनी के कर्मी नंद किशोर कुमार ने बताया कि इस योजना के संवेदक जुडको कम्पनी है, जुडको ने इस कार्य को पूर्ण करने के लिए जुस्को कम्पनी को दी है. कहा कि चाकुलिया नगर पंचायत में शहरी जलापूर्ति योजना 17 करोड़ की लागत से कार्य की जा रही है. उन्होंने कहा कि नपं क्षेत्र में तीन इएसआर, एक नयी पम्प हाउस, चार पुरानी पम्प हाउस में नयी मोटर लगाने और पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में नये सिरे से पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है. श्री कुमार ने कहा कि कम्पनी द्वारा अधिकांश कार्य पूर्ण कर ली गई है. कहा कि दो नबंर टंकी का कुछ कार्य बाकी है, वही कुछ क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाना बाकी है, जिसे कम्पनी जल्द पूर्ण करने की दिशा में युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है.
उन्होंने कहा कि कम्पनी का प्रयास है कि सरकार के आदेशानुसार 29 दिसंबर तक सारी कार्य पूर्ण कर शहर में जलापूर्ति प्रारंभ की जा सके. इस योजना के पूर्ण होने से नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 36 सौ घरों में जलापूर्ति योजना के तहत हाउस कनेक्शन देने की लक्ष्य है. अभी तक कम्पनी द्वारा 32 सौ घरों में कनेक्शन दिया गया है. उन्होंने बताया कि योजना पूर्ण होने के पश्चात भी अगले दो वर्ष तक जलापूर्ति योजना की मैनटेनेंस का कार्य जुस्को कम्पनी द्वारा की जाएगी उसके पश्चात योजना को नगर पंचायत को हैंडओवर किया जाएगा. इस संबंध में नगर पंचायत के सिटी मैनेजर मोनिस सलाम ने कहा कि 29 दिसंबर को शहरी जलापूर्ति योजना का उदघाटन स्थानीय जन प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा. कहा कि उदघाटन के पश्चात नगर पंचायत क्षेत्र में रह रहे लोगों को स्वच्छ पानी की सप्लाई होगी. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 36 सौ घरों में पानी की कनेक्शन देने का लक्ष्य है. कहा कि लक्ष्य पूर्ण होने के बावजूद भी नगर पंचायत क्षेत्र में निर्मित नये मकानों में भी कनेक्शन दिया जाएगा.



