
जमशेदपुर: देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के 96 वी जयंती के मौके पर जिला भाजपा द्वारा महा रक्तदान शिविर का आयोजन गोलमुरी केबल क्लब में किया गया. शिविर में 434 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. वैसे प्रत्येक वर्ष वाजपेयी जी के जयंती के मौके पर जिला भाजपा मानव सेवा हेतु रक्तदान शिविर का आयोजन करती है.आज के शिविर में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. जहां उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहाकि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है. शिविर में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया. मौके पर जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने आधुनिक भारत की नींव रखी थी.
उनके कार्यकाल में भारत ने कई मुकाम हासिल किए थे. ऐसे महान नेता की जयंती को रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा कर भाजपा उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है.भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने इस शिविर में बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की जंयती पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर आम जनता के लिए नेक काम किया है. उन्होंने कहा कि रक्त को कृतिम तरीके से बनाया नही जा सकता है, इसलिए मानव सेवा के लिए एक दूसरे की जरुरतों को पूरा करने के लिए रक्तदान करना चाहिए. इससे मानव की जिंदगी बचायी जा सकती है.




