जमशेदपुर : पूरे देश में कोरोना की महामारी के बीच जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय खुद रांची में लॉकडाउन में फंसे है, लेकिन उनके जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित आवासीय कार्यालय से लगातार लोगों को खाना मिल रहा है. इसके लिए सरयू राय किचेन का संचालन हो रहा है. सरयू राय अभी जमशेदपुर पूर्वी के विधायक है और मुख्यमंत्री रहते हुए भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे रघुवर दास को हराया था. सरयू राय इससे पहले जमशेदपुर पश्चिम के विधायक रहे है. ऐसे में जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के लिए सरयू राय और उनकी टीम लगातार काम कर रही है.
बिष्टुपुर स्थित उनके आवासीय कार्यालय में लगातार लोगों के लिए सुबह से रात तक खाना बनता है और लोगों के बीच बांटा जाता है. 24 मार्च के बाद से लगातार यह कार्यालय संचालित हो रहा है. पहले दिन तो 1500 लोगों को खाना खिलाया गया था, लेकिन इसका डिमांड काफी ज्यादा बढ़ गया. इसके बाद इसकी संख्या हर दिन 5500 लोगों तक पहुंच चुका है. पुरी, सब्जी, राइस, दाल जैसे खाने का पैकेट लोगों के बीच तैयार करने के बाद बांटा जाता है.

इसकी देखरेख कि जिम्मेदारी सरयू राय के भतीजे व समाजसेवी आशुतोष राय और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक गोयल द्वारा किया जाता है. यहां से गोलमुरी पुलिस लाइन में पुलिस के लिए जरूरत का खाना भेजा जाता है जबकि कैंसर अस्पताल में इलाजरत मरीजों के परिजनों को भी खाना दिया जाता है. दोपहर और शाम का खाना यहां से मिलता है. 15 कारिगर इसके लिए काम करते है जबकि 10 कार्यकर्ता पैकिंग के काम में है. वहीं करीब 70 कार्यकर्ता इसके वितरण के कार्य में लगे हुए है. करीब 5500 लोगों के बीच खाना वितरित किया जाता है. 5000 पैकिंग का खाना जबकि हर दिन घर पर ही पांच सौ लोगों को खाना परोसा जाता है. सरयू राय का यह किचेन लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है.






