जमशेदपुर: जमशेदपुर के टीआरएफ कॉलोनी स्थित वैली व्यू स्कूल द्वारा सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम टेल्को में 38वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026–27 का आयोजन बड़े उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टाटा आर्चरी अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक सह पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित पूर्णिमा महतो उपस्थित थीं. विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल प्रबंधन समिति की प्रबंधक जिजू थॉमस तथा टीआरएफ लिमिटेड मैन्युफैक्चरिंग प्रमुख रवि राव मांडा उपस्थित रहे. विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य भी समारोह में शामिल हुए. विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पूर्णिमा महतो ने उन्हें समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास से मिलती है. हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और कभी हार न मानें. (नीचे भी पढ़ें)

खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न दौड़ एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और टीम भावना, आत्मविश्वास तथा सच्ची खेल भावना का परिचय दिया. विद्यालय की प्रधानाचार्या मिक्की सिंह ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक ड्रिल प्रदर्शन ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया. बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का भरपूर आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया. इस आयोजन ने खेलों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को पुनः प्रदर्शित किया.












