जमशेदपुर: 21 जून, रविवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर एक दिवसीय योग कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया.कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय के द्वारा योग विज्ञान के जनक महर्षि पतंजलि तथा भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया.इस अवसर पर प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग से ही शरीर निरोगी होता है, इससे सभी कोषों का विकास होता है तथा नियमित योग कर के हम स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकते हैं. योग हमारे मन-मस्तिष्क, शरीर तथा आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है.(नीचे भी पढ़े)

योग के इस कार्यक्रम में विद्यालय के योग आचार्य सुधाकर गिरी के मार्गदर्शन में योगाभ्यास कराया गया. योगाभ्यास में संधि योग, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, अर्धकटिचक्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन तथा प्राणायाम का अभ्यास कराया गया. तत्पश्चात माध्यमिक खंड की वरिष्ठ आचार्या रेखा दीदी तथा बहनों के द्वारा योग विषयक प्रेरणादायी गीत की प्रस्तुति की गई,
कार्यक्रम के अंत में समस्त विश्व के स्वास्थ्य, सुख एवं निरोगी जीवन की मंगलकामना के साथ योग संकल्प एवं समापन मंत्र का सामूहिक उच्चारण किया गया. इस अवसर पर विद्यालय में पढ़ने वाले भैया बहनों के अभिभावक, आचार्य बंधु-भगिनी एवं विद्यालय के भैया-बहन उपस्थित रहे. धन्यवाद ज्ञापन का कार्य विद्यालय के प्रभारी उपेंद्र पांडे के द्वारा किया गया.







