
जमशेदपुर : झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ ने अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर पोटका की विधायक मेनका सरदार के आवास पर धरना दिया. इन लोगों ने एक ज्ञापन भी विधायक को सौंपा और उनके पक्ष में आवाज उठाने की मांग की. संघ के इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अब वे लोग चरणबद्ध आंदोलन को तेज कर रहे है और वे लोग किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है. संघ की ओर से इसको लेकर हर स्तर पर धरना दिया जा रहा है. इन लोगों की मांग की है कि कनीय पंचायत सचिव, उच्च वर्गीय पंचायत सचिव, वरीय पंचायत सचिव, पंचायत अधीक्षक को सातवां वेतन आयोग की सिफारिश का लाभ दिया जाये. प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के 50 फीसदी पद पर वरीयता के आधार पर प्रोन्नति देकर सारे पदों को भरा जाये और सीमित प्रतियोगिता की अनिवार्यता को समाप्त किया जाये. पंचायत सचिवालय को क्रियाशील करने के लिए सभी पंचायत में लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर, अनुसेवक, रात्रि प्रहरी को अविलंब बहाल किया जाये.



