जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज फोर्थ फेज परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्डों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है. इस संबंध में सिक्योरिटी एजेंसी से जुड़े विनोद कुमार ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के अनुसार, घटना 20 जुलाई की रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुई. आरोप है कि डुप्लेक्स 9बी में रहने वाले लंकेश्वर अपने ड्राइवर के साथ नशे की हालत में परिसर पहुंचे और बिना किसी कारण गार्डों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे. विरोध करने पर उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड राजेश शर्मा को बुलाकर उनके साथ मारपीट की. इसके बाद अन्य गार्डों को भी एक-एक कर बुलाकर पीटा गया. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुखदेव बागती का गमछे से गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई, जबकि मनोज सिंह और रविंद्र भगत के साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गई. घटना के बाद सभी पीड़ित गार्डों ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. कदमा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





