जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाजार में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर सोमवार को क्लॉथ लाइन परिसर में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान सिंघम चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी अभिषेक अग्रवाल को व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की. बैठक में व्यापारियों ने कहा कि साकची बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, लेकिन हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
इससे व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है. व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की. बैठक में मांग की गयी कि साकची बाजार में पुलिस की नियमित एवं सघन गश्त बढ़ाई जाए. जिन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाई जाए. बाजार के कुछ हिस्सों में नशेड़ियों के बढ़ते जमावड़े पर प्रभावी कार्रवाई कर ऐसे अड्डों को समाप्त किया जाए. बाजार में सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को दुरुस्त एवं स्वच्छ बनाया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
साकची बाजार का मुख्य प्रवेश द्वार, जो अतिक्रमण और अव्यवस्था के कारण लगभग संकरा हो गया है, उसे व्यवस्थित कर ग्राहकों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे साकची बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो और ग्राहकों तथा व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.




