जमशेदपुर : सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर सोमवार सुबह से ही शहर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए. (नीचे भी पढ़ें)

शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. इस दौरान महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही, जिन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की उन्नति और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, आक के पुष्प, भांग और अन्य पूजन सामग्रियां अर्पित कर विधि-विधान से अभिषेक किया. मंदिर परिसरों में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. कई श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना करते दिखाई दिए. (नीचे भी पढ़ें)

पहली सोमवारी को लेकर मंदिर समितियों ने भी विशेष तैयारियां की थीं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, कतारबद्ध दर्शन, सुरक्षा और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई. कई स्थानों पर स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. (नीचे भी पढ़ें)

इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपनी व्यक्तिगत मनोकामनाओं के साथ झारखंड और पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की. दिन भर शहर के शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा और सावन की पहली सोमवारी पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुई.




