जमशेदपुर: चैती छठ पूजा को लेकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. रविवार को सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भुपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समिति के पदाधिकारियों ने पूजा की सफल आयोजन हेतु अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को सुनिश्चित किया. बैठक में सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह भी मौजूद रहे. सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भुपेन्द्र सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के मार्गदर्शन में छठ व्रतियों के लिए स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. मंदिर परिसर में स्थित दोनों तालाबों की सफाई कर उनमें स्वच्छ और निर्मल जल भरा जाएगा, ताकि श्रद्धालु पवित्र भाव से सूर्य उपासना कर सकें. साथ ही, मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, पूजा के दौरान व्रतधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा. यहां 4 अप्रैल को सुबह अर्घ्य के लिए गाय का कच्चा दूध, अगरबत्ती, चाय की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही, 3 अप्रैल को संध्या अर्घ्य के दिन शीतल पेय शर्बत का वितरण किया जाएगा. चैती छठ पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जा रहे हैं. स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति के सदस्यगण सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे. साथ ही, घाट पर ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे. सूर्य मंदिर समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में छठ पूजा करने अवश्य पधारें. बैठक के पश्चात पदाधिकरियों ने छठ घाट तालाब और मंदिर परिसर का जायजा लिया. बैठक के दौरान अध्यक्ष भुपेन्द्र सिंह, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल, प्रेम झा, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, रमेश तिवारी समेत अन्य उपस्थित थे.














