सरायकेला: सरायकेला जिले के आमदा ओपी अंतर्गत हावड़ा- मुंबई रेलखंड के डाउन लाइन के कुचाई नाला रेल पुल पर रविवार को एक ट्रेन हादसे में बड़े पिता- छोटे भाई के पुत्र की दर्दनाक मौत हो गयी है जिसके बाद परिजनों में मातम छा गया है. मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के ईटीहासा पंचायत के ऊंचीबीता गांव निवासी रुइदास हेम्ब्रम (48) अपने रिश्तेदार के घर आमदा के खमारडीह गांव जागेन (आदिवासियों के श्राद्धकर्म) में आया था. रविवार देर शाम करीब 6:30 बजे के आसपास आमदा ओपी अंतर्गत कुचाई नाला रेल पुल पर टहलते हुए अपने छोटे भाई के पांच वर्षीय पुत्र माहिल हेम्ब्रम के साथ सेल्फी ले रहा था, तभी डाउन ट्रैक पर सीकेपी की ओर से अचानक साउथ बिहार एक्सप्रेस आ गयी और रुइदास हेम्ब्रम को अपनी चपेट में ले कर काफी दूर तक घसीटते हुए ले गयी जिससे उसके चिथड़े उड़ गए जबकि छोटे भाई का पांच वर्षीय पुत्र कुचाई नाला पुल के नीचे गिरकर काल के गाल में समा गया. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक़ की पत्नी मूर्छित हो कर गिर पड़ी. समाचार लिखे जाने तक शवों का रेस्क्यू नहीं हो सका है. फिलहाल रेल पुलिस और आमदा ओपी पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है.














