
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी कोरोना के लेकर देशभर के पार्क एवं जिम अभी भी बंद पड़े हैं. आपको बता दें देश में अब अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जिसके तहत जरूरी सेवाओं को लॉकडाउन से मुक्त किया जा रहा है. वैसे देश में कोरोना का पहला मामला आते ही सबसे पहले पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों को बंद करने का फरमान जारी किया गया था. लॉकडाउन लगते ही इसका सख्ती से पालन किए जाने का निर्देश जारी कर दिया गया. तब से लेकर आज तक देशभर के पार्क बंद पड़े हैं. इधर जमशेदपुर में भी एतिहासिक जुबिली पार्क को कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु जारी गाईडलाइन के तहत जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद कर दिया गया है.
आपको बता दें कि जुबिली पार्क में सैकड़ों की संख्या में हर दिन मॉर्निंग वॉकर पहुंचते थे, लेकिन कोरोना महामारी के बाद से बंद पड़े जुबिली पार्क में मॉर्निंग वॉकर नहीं पहुंच पा रहे. इधर शहर के मॉर्निंग वॉकरों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरूवार को सिख प्रतिनिधि बोर्ड के चेयरमैन कुलविंदर सिंह पन्नू के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर जिले के उपायुक्त से मिलकर जुबिली पार्क सहित शहर के अन्य पार्कों को सुब पांच बजे से लेकर दिन के नौ बजे तक खोले जाने की अनुमति दिए जाने की मांग की है, ताकि कोरोना के कारण अस्वस्थ्य हो रहे लोग पार्कों में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ एवं योगा कर सकें.








