
जमशेदपुर : सत्ता से दूर होने के बाद भाजपा नेताओं को जमीनी समस्याएं नजर आने लगी है. चलिए कम से कम समस्याएं नजर तो आने लगी. वैसे जमशेदपुर में बड़े पैमाने पर नशे का कारोबार चल रहा है. जिसकी शिकायत भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के भतीजे कमलेश साहू ने सीतारामडेरा थाने में दर्ज कराया है. कमलेश साहू ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर, उरांव बस्ती, देवनगर, कल्याण नगर सहित अन्य स्लम इलाकों में नशे के कारोबार संचालित होने का जिक्र अपने शिकायत में करते हुए थाना प्रभारी से अविलंब इलाके के नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने की मांग की है. उन्होंने बताया कि नशे के इस कारोबार से युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में है, साथ ही उनके परिवार को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं भाजपा नेता ने बताया कि जल्द ही इस समस्या से जिले के एसएसपी एवं उपायुक्त को भी अवगत कराया जाएगा. वैसे भाजपा नेता ने बेहद ही गंभीर मामले से सीतारामडेरा थाना को अवगत कराया है. आपको बता दें कि जिन स्थानों का जिक्र भाजपा नेता द्वारा शिकायत में दर्ज कराया गया है, उन इलाकों में अवैध शराब, गांजा, अफीम आदि का बड़े पैमाने पर कारोबार होता है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई इन इलाकों में नहीं के बराबर होती है. नतीजा ये है कि इलाके में अवैध नशे के कारोबारी फल- फूल रहे हैं.








