जमशेदपुर: जमशेदपुर में छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से पर्स छीन लिया. बदमाशों का पीछा करने के दौरान महिला का मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया, जिसे भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठा लिया. जानकारी के अनुसार, समतानगर रोड नंबर-15 निवासी भानु गोप सोमवार को शंकोसाइ रोड नंबर-5 स्थित एक परिचित से कर्ज के रूप में रुपये लेकर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान एनएच पर स्पंदन अस्पताल के सामने बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन भागदौड़ के दौरान उनका मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया. जब वह वापस मोबाइल लेने लौटीं तो वह भी वहां से गायब मिला. पीड़िता ने बताया कि छीने गए पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात थे. घटना की सूचना उलीडीह ओपी पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.







