सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के पुराने रेलवे फाटक-02 के समीप मंगलवार सुबह रेल पटरी से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी. सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे, जहां शव की पहचान साहेरबेड़ा निवासी भुसु सिंह सरदार के रूप में हुई. मृतक के बड़े भाई जोपा सिंह सरदार ने बताया कि भुसु सिंह सरदार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. सोमवार रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. (नीचे भी पढ़ें)
परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है कि मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.







