जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के सी रोड में हुए अजय साव उर्फ टिंकू की हत्या के मामले में पुलिस को रविवार को सफलता मिली है. इस मामले में मुख्य शूटर को पकड़ने में पुलिस सफल हुई है, ऐसी जानकारी सूत्रों ने दी है. हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ नहीं कह रही है. पुलिस सूत्रों की माने तो मुख्य शूटर गुड्डू गोस्वाामी के रुप में सामने आया है, जो सोनारी निर्मल बस्ती का रहने वाला है और रविदास गोलीकांड का भी आरोपी है. कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है. सोनारी पुलिस गुड्डू को पकड़कर रविवार की शाम को गालूडीह से पकड़कर ले आयी, जो हत्या करने के बाद से वहां फरार था. बताया जाता है कि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. वहीं, इस कांड के दौरान वहां आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान हो गयी है. अपराधियों ने किस तरह टिंकू को मात के घाट उतारा, इसकी भी जानकारी पुलिस को हाथ लग गयी है. सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को हत्या के सारे राज दिख चुके है. हत्या करते हुए, गोली मारते हुए और उसके बाद उनके भागने का सारा वीडियो पुलिस के हाथ लग चुका है. इस हत्याकांड को सोनारी के ही अपराधियों ने अंजाम दिया है, जिसमें मुख्य शूटर गुड्डू गोस्वामी ही है. इस हत्याकांड को बागबेड़ा का रहने वाले अपराधी मनीष सिंह ने भाड़े के अपराधियों और सुपाड़ी देकर कराया है. मनीष सिंह फरार बताया जा रहा है. पुलिस को अब तक की मिली जानकारी के अनुसार, गुड्डू गोस्वामी ने इस हत्याकांड को अपने साथी राज सिंह उर्फ दाना, सोनारी जनता बस्ती का रहने वाला मोची और आदित्यपुर का रहने वाले कृष्णा के माध्यम से अंजाम दिया है. चार लोग शूटर घटनास्थल पर दिखे है. टिंकू की रेकी टिंकू के घर से ही कुछ दूर पर रहने वाले खुंटाडीह के रहने वाले राहुल द्वारा किया गया है, ऐसी जानकारी पुलिस को हाथ लगी है. सोनारी कागलनगर निवासी अंकुश सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ कर रही है. आपको बता दें कि सोनारी खुंटीडीह निवासी अजय साव उर्फ टिंकू की शुक्रवार को चार अपराधियों ने सोनारी कागलनगर सी रोड जोजो पान दुकान के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी. सुबह साढ़े सात बजे इस कांड को अंजाम दिया गया था. पुलिस इस मामले में जबरदस्त तौर पर काम की है और लगभग सफलता तक पहुंच चुकी है. वैसे अब तक के अनुसंधान के बारे में पुलि किसी तरह की जानकारी साझा नहीं कर रही है. सूत्रों के हवाले से यह खबर लिखी गयी है.






