
जमशेदपुर : जमशेदपुर की सोनारी पुलिस ने गुजरात के सूरत में छापेमारी कर लापता 15 वर्षीय नाबालिग को बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ जिला के मेहनापुर थाना क्षेत्र निवासी संदीप यादव को गिरफ्तार किया है. बुधवार को सोनारी पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल करवाने के बाद न्यायालय में बयान दर्ज करवाया और उसे परिजनों को सौंप दिया. इधर पुलिस ने आरोपी को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि नाबालिग की दोस्ती संदीप से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी. नवंबर माह में संदीप से नाबालिग को शादी करने की नियत से भगा ले गया था. शिकायत के बाद पुलिस लगातार प्रयास में थी. पुलिस सबसे पहले संदीप के घर गई पर वह फरार चल रहा था. फिर पुलिस को दोनो का लोकेशन मुंबई में मिला जहां छापेमारी करने से पहले ही दोनो वहां से भी फरार हो गए थे. कोरोना में प्रतिबंध के कारण पुलिस छापेमारी भी नही कर पा रही थी. दोनो का लोकेशन सूरत में मिला जिसके बाद सोनारी थाना के एसआई सुख सागर चौधरी और एसआई शशिबाला भेंगरा को सूरत भेजा गया जहां सूरत पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया और नाबालिग को बरामद कर लिया गया.






