
जमशेदपुर : ‘हारकर बीच में मंजिल के बैठन वालों, कौन सी राह है जो आसान नहीं हो जाती…’ इन पक्तियों को चरितार्थ कर दिखाया है मानगो नगर निगम अंतर्गत शंकोसाई बस्ती के रोड नंबर-05 निवासी वाली प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक असाई सुरीन ने। पेशे से मजदूर असाई सुरीन ने खपरैल घर में रहते हुए अपना पक्का मकान होने का सपना देखा था, जिसे उन्होंने सरकार की मदद से पूरा कर लिया। असाई सुरीन कहती हैं कि तीन वर्ष पूर्व जब वह मजदूरी करने जा रही थीं, तभी मानगो नगर निगम के कर्मियों से उनकी मुलाकात हुई, जो मोहल्ले में प्रधानमंत्री आवास योजना के योग्य लाभुकों को इस संबंध में जागरूक करने आए थे। असाई सुरीन ने भी पूरी जानकारी मिलने के बाद मानगो नगर निगम कार्यालय में जाकर आवेदन फॉर्म भरा, जिसमें जांचोपरांत योग्य पाये जाने पर आवास योजना का लाभ उन्हें दिया गया। असाई सुरीन कहती हैं कि पति का देहांत वर्षों पूर्व हो गया था, तीन पुत्रियों और एक पुत्र का भरा-पूरा परिवार खपरैल मकान में रहकर गुजर-बसर करता था। बरसात में घर की छत से पानी टपकता था एवं काफी परेशानी से वह जीवन गुजर-बसर कर रहीं थीं। परंतु प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद उनके जीवन में काफी परिवर्तन आया है। पक्का मकान में रहने से कई तरह की समस्याओं का निराकरण हो गया है। अब उनके घर में बिजली, पानी की समस्या भी नहीं रही और बरसात में छत से पानी टपकने की परेशानी भी दूर हो गई है। (नीचे भी पढ़ें)
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) घटक 4 के तहत असाई को मिला प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
सभी कागजी प्रक्रिया के उपरांत लाभुक असाइ सुरीन द्वारा अपने जमीन में खुदाई कार्य आरंभ किया गया जिसके लिए प्रथम किश्त के रूप में उन्हें 45000 रुपए की सहयोग राशि दी गई । इस तरह लाभुक को 6 महीने में कुल 2,25,000 की राशि चार किस्तों में मानगो नगर निगम कार्यालय द्वारा स्वीकृत की गई । प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिए गए सहयोग राशि एवं अपनी बचत के कुछ हिस्से से लाभुक असाई सुरीन एक सुंदर आवास का निर्माण कराने में सफल हुई हैं। (नीचे भी पढ़ें)

आवास योजना का लाभ लेने हेतु योग्यता
वैसे लोग जो मानगो क्षेत्र में विगत 2015 के पूर्व से रह रहे हों, जिनके पास रैयती या विक्रीनामा की जमीन हो, पूरे भारत वर्ष में कहीं भी पक्का मकान नहीं हो, परिवार का वार्षिक आय तीन लाख से कम हो, अबतक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही लिया हो वे उक्त योजना का लाभ ले सकते हैं। इस योजना के तहत सरकार द्वारा 2,25,000(दो लाख पच्चीस हजार रुपये) सहयोग राशि दी जाती है। (नीचे भी पढ़ें)
लक्ष्य एवं उपलब्धि
कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय के मुताबिक मानगो नगर निगम अंतर्गत अबतक 740 आवास की स्वीकृति मिली है जिनमें से 655 आवास का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है एवं अन्य लंबित आवासों का निर्माण कार्य भी यथाशीघ्र पूर्ण करा लिया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा भी नियमित नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जाता है तथा लाभुकों से बातचीत कर आवास निर्माण के कार्य ससमय पूरा कराने में सहयोग करते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल पदाधिकारी के रूप में दिनेश्वर यादव नामित किए गए हैं जिनकी देखरेख में विभाग द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूर्ण किया जा रहा है।




