जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के नॉर्दन टाउन स्थित टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ सेंटर में बुधवार सुबह एक ठेका कर्मचारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 45 मेघा मुखी के रूप में हुई है, जो उक्त हेल्थ सेंटर में फॉगिंग का कार्य करता था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेघा मुखी बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने कार्यस्थल पर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि वह सामान्य दिनों की तरह ही ड्यूटी पर आया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव हेल्थ सेंटर के गोदाम में फंदे से लटका हुआ पाया गया. इस घटना की जानकारी उस समय हुई जब अन्य कर्मचारियों की नजर गोदाम में पड़ी और उन्होंने उसे फंदे से झूलते देखा. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है. वहीं मुखी समाज के झारखंड प्रदेश के जिला अध्यक्ष सागर भुइयां ने कहा कि जहां पर मौजूद किसी भी ठेका कर्मचारी को समय पर वेतन नहीं दिया जाता है. यह भी एक कारण हो सकता है कि उक्त ठेका कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.











