जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती ऊपर टोला में 25 वर्षीय संजय सिंह ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी तब हुई जब बुधवार 26 फरवरी को पड़ोस की एक महिला ने बदबू और मक्खियां देखकर शक जताया और इसकी सूचना मृतक के पिता को दी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय सिंह कन्वाई चालक और उसकी चार साल की बेटी है. 21 फरवरी को उसकी पत्नी, बच्ची और अन्य रिश्तेदार संभलपुर शादी में गए थे, जिससे वह घर में अकेला था. जब पड़ोस की महिला ने दरवाजे के पास मक्खियां और दुर्गंध महसूस की, तो उसने इसकी जानकारी संजय के पिता बिट्टू सिंह को दी, जो कुछ घर बाद रहते हैं. जब पिता ने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर संजय का शव फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मृत्यु करीब दो दिन पहले हो चुकी थी, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक की पत्नी ने बताया कि दो दिन पहले उसकी संजय से फोन पर बात हुई थी, लेकिन उसने किसी परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय कुछ समय से परेशान चल रहा था, लेकिन आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है. फिलहाल पुलिस परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.














