जमशेदपुर : जमशेदपुर में जीवन संस्था के निदेशक डॉ जे जैन ने आत्महत्या के घटते ग्राफ को लेकर संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया. उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो जागरुकता के कारण शहर में आत्महत्या के मामलों के ग्राफ में लगातार गिरावट दर्ज की गयी है. वर्ष 2020 में आत्महत्या करने वालों की संख्या 285 थी. 2025 में संख्या घट कर 175 हो गयी. 2026 में अब तक 108 लोगों ने अलग-अलग कारणों से अपनी जान दे दी है. जीवन संस्था के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में उन्होंने बताया कि सामाजिक संस्था जीवन द्वारा काउंसलिंग और जागरुकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है. जिससे मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को समय पर संबल मिल रहा है और आत्महत्या की प्रवृत्ति में कमी आयी है. संस्था लोगों में डिप्रेशन और एंग्जाइटी के लक्षणों को पहचान कर समय पर मनोवैज्ञानिक सहायता देने का काम भी करती है. ऐसा कर संस्था ने सैकड़ों लोगों की जान बचायी है. जीवन संस्था द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार नुक्कड़ नाटक, सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं. इस मौके पर जीवन की ज्वाइंट डायरेक्टर गुरप्रीत कौर भाटिया, डिप्टी डायरेक्टर सुचित्रा भी मौजूद थीं. (नीचे भी पढ़ें)
पारिवारिक विवाद के कारण सबसे ज्यादा आत्महत्या : जीवन संस्था के आंकड़े के अनुसार, वर्ष 2025 में पारिवारिक क्लेश में सबसे ज्यादा 29 लोगों ने आत्महत्या की. वर्ष 2026 में यह आंकड़ा अब तक 18 तक पहुंच गया है. इसके अलावा अकेलापन, तनाव और लव अफेयर्स मामले में तनाव में आकर लोग आत्महत्या कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आत्महत्या निवारण जागरूकता कार्यक्रम 10 को : जीवन संस्था के डायरेक्टर डॉ जे जैन ने बताया कि आत्महत्या निवारण दिवस के अवसर पर 10 सितंबर को माइकल जॉन प्रेक्षागृह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रम में टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर मुख्य अतिथि और अरका जैन यूनिवर्सिटी के प्रो-वीसी डॉ अंगद तिवारी विशिष्ट अतिथि होंगे. वर्ष 2025 में स्कूल-कॉलेजों में आयोजित जागरूकता अभियानों की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जायेगा. संस्था ने तनाव साझा करने के लिए 9297777499 और 9297777500 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है.
आकड़े :
वर्ष — कुल आत्महत्या — छात्र
2020 — 258 — 25
2021 — 255 — 23
2022 — 206 — 18
2023 — 207 — 20
2024 — 181 — 20
2025 — 175 — 15
2026 — 108 (अभी तक) — 04







