
जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री व बागबेड़ा के हरहरगुट्टू कृष्णापुरी निवासी सूरज सिंह पर बीती रात चाकू से जानलेवा हमला मामले में पुलिस के दबाव में आकर मुख्य आरोपी सोनू सिंह ने बुधवार को बागबेड़ा थाने में पहुंच कर सरेंडर कर दिया है. वहीं एक अन्य को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिये जाने की सूचना है. आरोपियों की गिरफ्तारी व कार्रवाई को लेकर शहर के भाजपाइयों ने बुधवार को एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को यथाशीघ्र गिरफ्तार करने का मांग की थी. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार सोनू के परिवार के लोगों का कहना है कि उसके एक दोस्त ने बाइक फाइनांस करायी थी. दोस्त उसकी किस्त समय पर जमा नहीं कर पा रहा था. दोस्त ने बाइक को सूरज से ही फाइनांस कराया था. सूरज कई सालों से फाइनांस का काम कर रहा है. दोस्त के ही बीच-बचाव में सोनू गया था. इस बीच सूरज और सोनू में विवाद हो गया था. दोनों के बीच आपसी रंजिश पहले से ही चल रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि सोनू के पिता अमरपाल सिंह बिष्टुपुर स्थित तिवारी बेचर कंपनी के मैनेजर हैं. उनका 5 दिनों पूर्व ही कोलकाता में ट्यूमर का ऑपरेशन हुआ है. दो दिन पहले ही वे घर लौटे थे. सोनू के मामले में दबाव पड़ने पर उन्होंने ही बेटे को थाने में सरेंडर कराया है. घटना मंगलवार की रात घटी थी. मामले में सोनू के अलावा उसके एक अज्ञात साथी को भी आरोपी बनाया गया है.




