जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर स्थित राम मंदिर का तृतीय स्थापना दिवस समारोह आगामी 21 फरवरी से आरंभ होगा, जिसकी तैयारियां आरंभ हो गयी हैं. इस अवसर पर आयोजित यज्ञानुष्ठान के तहत आगामी 22 फरवरी से भगवान श्रीराम की झांकी के साथ-साथ श्रीराम कथा भी आयोजित होगी. (नीचे भी पढ़ें)
इसको प्रतिष्ठापन दिवस समारोह को लेकर सूर्य मंदिर कमेटी अभी से ही तैयारियों में जुट गयी है. सूर्य मंदिर कमेटी के प्रतिनिधि घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रण पत्र के साथ-साथ सहयोग राशि भी एकत्र कर रहे हैं. इस अभियान में पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य धाम के मुख्य संरक्षक रघुवर दास भी अपने क्षेत्र के लोगों को निमंत्रण पत्र देते नजर आये. पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों को रामकथा में आने का आमंत्रण देते हुए उनसे इस यज्ञानुष्ठान में अवश्य पधारने का आग्रह भी किया. सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि राम मंदिर बनाने में सभी लोगों का सहयोग मिला था. उसी को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर की तीसरे वर्षगांठ पर सभी का सहयोग और उनको इस रामकथा में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पूर्व के साथ-साथ पूरे जमशेदपुर वासियों ने इस मंदिर के निर्माण में किसी न किसी रूप में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की थी, जिसको देखते हुए मंदिर की तीसरे वर्षगांठ पर भी सभी को आमंत्रित किया जा रहा है.



