जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत गिट्टी मशीन के पास मंगलवार दोपहर 12:30 बजे एक सिख व्यक्ति बेहोश होकर गिर गया. इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने उसे होश में लाने के काफी उपाय किए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. अंततः उसके निधन होने की सूचना फैल गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिख समाज के लोगों ने व्यक्ति की पहचान 45 वर्षीय जसबीर सिंह के रूप में की. बताया गया कि जसबीर सिंह तार कंपनी इंद्रानगर गुरुद्वारा का सेवादार है. लोगों ने तार कंपनी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह को घटना की सूचना दी, जिसके बाद गुरुद्वारा कमेटी के लोग मौके पर पहुंचे. पुलिसिया कार्रवाई पूरी होने के बाद कमेटी के प्रतिनिधियों ने ही देर शाम विधि विधान के साथ जसबीर सिंह का अंतिम संस्कार संपन्न कराया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों के अनुसार मूर्छित होकर गिरे व्यक्ति को होश में लाने की कोशिश की गई. एक बार वह होश में आया और लोगों को एक झटके में धन्यवाद किया, लेकिन फिर वह बेहोश हो गया, जिसके बाद पता चला कि उसने प्राण त्याग दिए हैं. तार कंपनी गुरुद्वारा के प्रधान अमरजीत सिंह के मुताबिक जसबीर सिंह अविवाहित था. उसका कोई परिजन भी नहीं था. वह बिरसानगर में किराए के मकान में रहता था और तार कंपनी गुरुद्वारा में नियमित सेवा निभाता था. इस कारण स्थानीय संगत का उसे भरपूर प्यार मिलता था. सूचना के बाद कानूनी कार्रवाई करने के बाद शव को अंतिम संस्कार कर दिया गया है. उनके अनुसार वह बिरसानगर में एक डिस्पेंसरी से दवा लेकर घर लौट रहा था. उसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने के कारण उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद जसबीर सिंह की मौत की खबर सुन कर दूरदराज के रिश्तेदार भी उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुए. अंतिम संस्कार के वक्त सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष चंचल सिंह समेत पूरी टीम, तार कंपनी गुरुद्वारा के ग्रंथी बाबा सुखदेव सिंह खालसा, कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह, महासचिव हरदीप सिंह, गुरदीप सिंह, बलदेव सिंह, गुरविंदर कंग, हरजीत सिंह, रणजीत सिंह, नौजवान सभा के प्रधान सतविंदर सिंह, स्त्री सभा की प्रधान सुरेंद्र कौर, बलविंदर कौर, रिंकू कौर, लखविंदर कौर, गुरमीत कौर एवं टीम उपस्थित रही. अमरजीत सिंह ने बताया कि मरणोपरांत जो भी कार व्यवहार हैं वह गुरुद्वारा कमेटी संपन्न कराएगी.












