जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के एनएच-33 के स्थित एएसएल मोटर्स में डिमना रोड निवासी सौरव केसरी ने अपनी नई टाटा सफारी गाड़ी की लगातार खराबियों से तंग आकर गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन एएसएल मोटर्स शोरूम के सामने किया गया, जहां उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ शोरूम का शटर बंद कर दिया और गाड़ी बदलने की मांग को लेकर डट गए. सौरव केसरी ने बताया कि उन्होंने 19 जनवरी 2024 को करीब 32 लाख रुपये कीमत की टाटा सफारी ईएमआई पर खरीदी थी. लेकिन गाड़ी खरीदने के बाद से ही तकनीकी समस्याएं सामने आती रही हैं. उन्होंने कहा कि अब तक करीब 8-9 बार गाड़ी खराब हो चुकी है और हर बार उन्हें सर्विस सेंटर जाना पड़ा है, जिससे उनका समय, ऊर्जा और पैसा तीनों व्यर्थ हो रहे हैं. ग्राहक ने बताया कि हाल ही में 7 जून को भी गाड़ी को सर्विसिंग के लिए शोरूम में दिया गया था, लेकिन अब तक उसे ठीक नहीं किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

सौरव केसरी का कहना है कि वह लगातार शोरूम और कंपनी को ईमेल और ट्वीट के जरिए शिकायत दर्ज करा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खराबी की स्थिति में वाहन का संचालन करना जान जोखिम में डालने जैसा है. गाड़ी की विश्वसनीयता को लेकर सौरव का भरोसा टूट चुका है. इसीलिए उन्होंने एएसएल मोटर्स के खिलाफ सार्वजनिक रूप से विरोध दर्ज कराया. उन्होंने मांग की है कि या तो उनकी गाड़ी बदली जाए या कंपनी उन्हें यह लिखित में विश्वास दिलाए कि अब गाड़ी पूरी तरह से ठीक कर दी गयी है और भविष्य में कोई समस्या नहीं आएगी. सौरव ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं होता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. वहीं, इस घटनाक्रम पर शोरूम प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है. ग्राहकों की ऐसी समस्याएं वाहन कंपनियों और डीलरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं इधर सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया.











