जमशेदपुर : बर्मामाइंस क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और इनमें युवाओं के घायल होने की घटनाओं को देखते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. बर्मामाइंस के डनलप रोड स्थित थाना के समीप आयोजित इस अभियान में थाना प्रभारी और टाटा स्टील फाउंडेशन की टीम ने संयुक्त रूप से वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया. इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोक कर हेलमेट पहनने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की गई. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान में टाटा स्टील फाउंडेशन की प्रतिनिधि प्रीति गोस्वामी और राखी पाल ने बर्मामाइंस थाना प्रभारी के सहयोग से वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में समझाया. टीम ने खास तौर पर युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन सकती है. थोड़ी सी लापरवाही न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को हेलमेट पहनने की आवश्यकता समझाई गई. उन्हें बताया गया कि हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि दुर्घटना के समय सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को कम करने में अहम भूमिका निभाता है. वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है, क्योंकि घर पर परिवार के सदस्य अपनों के सुरक्षित लौटने का इंतजार करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील फाउंडेशन और बर्मामाइंस थाना की टीम ने युवाओं एवं आम लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, तेज रफ्तार से बचें और यातायात नियमों का पालन करें. साथ ही वाहन चलाते समय किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें. इस जागरूकता अभियान के माध्यम से बर्मामाइंस क्षेत्र में लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया. अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाएं रोकने के साथ-साथ लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.





