जमशेदपुर : टाटा मोटर्स की प्रगति स्कीम तथा चार वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम के तहत सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, जीएम किरण नरेंद्र, गुलाम मंडल, ज्योतिर्मय दास के साथ यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने टाटा मोटर्स प्रबंधन की इस पहल की सराहना की. गौरतलब है कि बोनस वार्ताओं के दौरान यूनियन ने करियर में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने और उन कर्मचारियों को मान्यता देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया था. फलस्वरूप तकनीकी और शैक्षणिक योग्यताओं को बेहतर बनाने के लिए प्रबंधन की ओर से यह पहल की गई. बताते चलें कि यूनियन एवं प्रबंधन के बीच सहमति बनी थी कि ‘ प्रगति योजना’ के तहत डिप्लोमा प्रोग्राम पूरा करने वाले पात्र तकनीशियनों को ‘उत्थान प्रमोशन योजना’ के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा, जबकि 4 साल का डिप्लोमा प्रोग्राम पूरा करने वाले कर्मचारियों को लागू इन्क्रीमेंट (वेतन वृद्धि) का लाभ मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के बीच निरंतर सीखने, कौशल बढ़ाने और करियर में आगे बढ़ने को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह सकारात्मक कदम है. उन्होंने कहा कि यूनियन, कौशल विकास, करियर में तरक्की, सुरक्षित कार्यस्थल और कर्मचारियों के बेहतर कल्याण के अवसर पैदा करने के लिए प्रबंधन के साथ सकारात्मक रूप से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है. यूनियन की ओर से सम्मानित किए जा रहे सभी पात्र कर्मचारियों को बधाई दी गई. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि इस तरह की पहल अन्य कर्मचारियों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करेगी. इससे कर्मियों एवं प्रबंधन दोनों को लाभ मिलेगा.





