जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन को अपना निशाना बनाया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है. चोरों ने पंचायत भवन में घुसकर, जहां एक ओर जरूरी दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया. वहीं दूसरी ओर महंगे उपकरणों को हाथ तक नहीं लगाया. बीती रात बागबेड़ा कॉलोनी स्थित पंचायत भवन में चोरी की घटना से इलाके के लोग सकते में हैं. सुबह जब पंचायत भवन के पास से मुखिया राजकुमार गॉड और वार्ड सदस्य किसी जरूरी काम से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि भवन का मेन गेट खुला हुआ है और ऑफिस का ताला टूटा पड़ा है, जब अंदर जाकर देखा गया तो वहां का नज़ारा चौंकाने वाला था. पंचायत भवन में रखे जरूरी दस्तावेज जैसे मैया सम्मान योजना, पेंशन के कागज, जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के फॉर्म, और प्रज्ञा केंद्र से जुड़े रजिस्टर पूरी तरह जला दिए गए थे. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं स्टोर रूम से चोरों ने हैलोजन स्ट्रीट लाइट, पुराना मोटर और कुछ छोटी-मोटी वस्तुएं चोरी कर लीं. लेकिन आश्चर्य की बात यह रही कि उन्होंने वहां रखे महंगे सामान जैसे कंप्यूटर, प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन आदि को छुआ तक नहीं. पंचायत भवन के ऊपरी हिस्से में स्थित मध्य बागबेड़ा पंचायत भवन को भी चोरों ने बिल्कुल नहीं छुआ. इससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि चोरों का मकसद चोरी से ज़्यादा दस्तावेज़ों को नुकसान पहुंचाना था. इसके अलावा पंचायत भवन के बाहर खड़ी एक ऑटो का टूल बॉक्स भी चोरी कर लिया गया, लेकिन ऑटो की बैटरी या अन्य महंगी वस्तुएं जस की तस रहीं.



