जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक महज छह घंटे के भीतर चार मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं. सभी पीड़ितों ने एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई है. सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक वार्डों में घूमकर मोबाइल चोरी करता दिखाई दिया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है. बोड़ाम प्रखंड के नूतनडीह गांव निवासी रूपाली महतो, जो गायनिक वार्ड के तीसरे तल्ले पर भर्ती हैं, का करीब 19 हजार रुपये कीमत का मोबाइल रविवार रात करीब 12:30 बजे चोरी हो गया. उनके पति दुलाल महतो ने अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें एक युवक वार्ड में घुसकर मोबाइल लेकर निकलता दिखाई दिया. ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मैसाड़ा गांव निवासी मनसा गोप ने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्राउंड फ्लोर के बाथरूम में मुंह धोते समय उन्होंने अपना मोबाइल स्लैब पर रखा था. इसी दौरान एक चोर मोबाइल लेकर फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
मोबाइल के कवर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए. मनसा गोप की पत्नी 15 जुलाई से अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने बताया कि चोरी के बाद उनके पास खाने तक के पैसे नहीं बचे और उन्हें 500 रुपये उधार लेने पड़े. बिष्टुपुर निवासी मरीज संजय डालमिया की पत्नी सोनिया डालमिया का मोबाइल भी रविवार रात चौथे तल्ले के वार्ड से चोरी हो गया. मोबाइल चार्जिंग पर लगा था. रात 12:07 बजे एक युवक वार्ड में घुसा और मोबाइल लेकर फरार हो गया. सीसीटीवी फुटेज में वही संदिग्ध युवक नजर आया, जिस पर अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्त होने का शक है.
अस्पताल में एक अन्य मरीज के परिजन का मोबाइल चोरी होने की भी चर्चा है, हालांकि इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल है. लोगों ने अस्पताल प्रशासन से वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है.






