जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगो बाजार टैंक रोड स्थित कोलकाता ज्वेलर्स में रविवार तड़के चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. सुबह जब दुकान के मालिक जितेंद्र कुमार दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद चोरी की जानकारी मिली. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

दुकान संचालक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर गए थे. रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला. उनके अनुसार चोर लगभग 4 किलो चांदी के जेवरात, 12 लाख रुपये, व कैश बॉक्स में रखे करीब 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. जितेंद्र कुमार ने बताया कि चोर छत की टिन काटकर दुकान के अंदर घुसे थे. टीन शेड की दो परतें थीं. चोरों ने पहले एक परत हटाई और दूसरी परत को काटकर दुकान में प्रवेश किया. उन्होंने तिजोरी तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके. तिजोरी सुरक्षित रहने के कारण उसमें रखे सोने के जेवरात चोरी होने से बच गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.







