रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर पश्चिम सिंहभूम जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया. इसी क्रम में चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में भी रक्तदान शिविर आयोजित कर विश्व रक्तदान दिवस मनाया गया. शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वयक) मनीष कुमार पाठक ने स्वयं रक्तदान कर किया. शिविर में सीआरपीएफ के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई. इस दौरान उपस्थित लोगों को “रक्तदान महादान” के महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया.(नीचे भी पढे)

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है. रक्तदान एक महान सेवा है और स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए. रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है, बल्कि इससे समाज में मानवता और सेवा की भावना भी मजबूत होती है.इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुब्रत कुमार मिश्रा, सीआरपीएफ कमांडेंट अंबुज कुमार मुछल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वयक) मनीष कुमार पाठक, डॉ. जी सोरेन, डॉ. श्याम सोरेन, उपमुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसए संगहा, सीआरपीएफ चिकित्सक डॉ. दीपक सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.







