जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के एनएच-33 किनारे संचालित एक टाइल्स गैलरी में बुधवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है. चोर दुकान से एसी का कॉपर पाइप और जनरेटर की बैटरी चोरी कर फरार हो गया. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक मोहित शाह गुरुवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एसी का कॉपर पाइप कटा हुआ है. इसके बाद जांच करने पर पता चला कि जनरेटर में लगी बैटरी भी गायब है. चोरी की आशंका होने पर उन्होंने तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति दुकान परिसर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता हुआ साफ दिखाई दे रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है. घटना की सूचना मानगो थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है.




