जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची बाजार में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. पुलिस विभाग द्वारा चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हाल ही में दुकानदारों के साथ पुलिस-पब्लिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन उसी रात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए क्लॉथ लाइन स्थित तीन दुकानों के एसी के कॉपर पाइप काटकर चोरी कर लिए. चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका. अगले ही रात उन्होंने डालडा लाइन में जय दुर्गा ज्वेलर्स, बीके ज्वेलर्स, राम श्याम एंड संस ज्वेलर्स, न्यू कंचन ज्वेलर्स और मोदी स्टोर समेत पांच दुकानों की छत पर चढ़कर एसी के कॉपर पाइप काट लिए. (नीचे भी पढ़ें)

लगातार दो रात में आठ दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश है. दुकानदारों का कहना है कि डालडा लाइन और क्लॉथ लाइन की करीब 30 से 40 दुकानों की छतें आपस में जुड़ी हुई हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से एक छत से दूसरी छत पर पहुंच जाते हैं. अधिकतर वारदात आधी रात या भोर में होती है, जब चौकीदार भी नींद में रहते हैं. व्यापारियों का कहना है कि हर बार 4 से 5 हजार रुपये खर्च कर नए कॉपर पाइप लगवाने पड़ते हैं, लेकिन दोबारा चोरी नहीं होगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है. उन्होंने पुलिस से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.




