
जमशेदपुर : पुलिस की दबंगई इस कदर है कि पुलिस किसी को मारने से पहले एक बार भी नहीं सोचती है. ताजा मामला मानगो पुल के पास का है, जहां ट्रैफिक का नियम तोड़ने की सजा युवक को मार खाकर चुकानी पड़ी. ट्रैफिक नियम तोड़ने पर वहां मौजूद ट्रैफिक हवलदार ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. हालांकि पुलिस ने युवक से फाइन तक नहीं लिया औऱ उसकी पिटाई कर उसे छोड़ दिया गया. बताया जाता है कि युवक मानगो से साकची की ओऱ आ रहा था. मानगो पुल के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी. उसी क्रम में युवक पुलिस को देखकर बाइक लेकर भागने लगा. भागने के क्रम में वह एक कार से टकराकर गिर गया, जिसके बाद वहां मौजूद ट्रैफिक सिपाही ने उसकी पिटाई कर दी. पिटाई करने के बाद उस युवक से फाइन नहीं लिया गया और उसे छोड़ दिया गया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
यहां सवाल ये उठता है कि अगर किसी के पास हेलमेट नहीं है या फिर कोई कागजात नहीं है तो क्या पुलिस को हक है कि वह फाइन की जगह किसी की पिटाई कर दे. हालांकि इस मामले को ट्रैफिक डीएसपी बबन सिंह ने दुखद बताते हुए कार्रवाई करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर कोई भी ट्रैफिक का नियम तोड़ते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके साथ पुलिस अभद्र व्यवहार नहीं कर सकती. अगर ऐसा हुआ है तो संबंधित सिपाही पर कार्रवाई की जाएगी.







