जमशेदपुर : कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल किए जाने के विरोध में गुरुवार को जमशेदपुर में आदिवासी समाज की विशाल आक्रोश रैली निकाली गयी. करानडीह चौक पर हजारों की संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए आदिवासी समुदाय के लोग एकत्रित हुए और रैली की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. रैली के माध्यम से आदिवासी समाज ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी कि उनकी संस्कृति, पहचान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा. आदिवासी नेताओं ने कहा कि कुड़मी समाज को एसटी में शामिल करने की मांग एक सोची-समझी साजिश है, जो आदिवासी समुदाय के अस्तित्व और अधिकारों पर सीधा हमला है. (नीचे भी पढे़ं)

नेताओं ने कहा कि कुड़मी समुदाय से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन जब रहन-सहन, पूजा-पद्धति, भाषा और परंपरा अलग है तो उन्हें आदिवासी कैसे माना जा सकता है. उन्होंने कहा कि जंगलों और प्रकृति से हमारा गहरा रिश्ता है, हम पेड़-पत्थर की पूजा करते हैं, और हमारी संस्कृति पर चोट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आदिवासी समाज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीति के तहत कुड़मी समुदाय को आगे कर रही है, जो आदिवासी अधिकारों के साथ अन्याय है. रैली के अंत में राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया.














